Tuesday, September 21, 2021

वीडियो: पूरे दो महीने बाद जेल से रिहा हुए राज कुंद्रा, बाहर निकलते ही भीड़ के बीच बुरी तरह फंसे

पॉर्न फिल्ममेकिंग रैकेट में पिछले दो महीने से जेल में कैद मुख्य आरोपी राज कुंद्रा () आज मंगलवार को जेल से रिहा हो चुके हैं। जेल से निकलने के बाद वह भीड़ के बीच में फंसे नजर आ रहे हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर छाया है। बता दें कि मुंबई के मैजिस्ट्रेट की एक अदालत ने सोमवार को उन्हें जमानत दे दी। बताया जाता है कि मुख्य मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट एस. बी. भाजीपाले ने 50 हजार रुपये के मुचलके पर कुंद्रा को जमानत दे दी है। कुंद्रा के सहयोगी और मामले में सह आरोपी रायन थोर्प को भी जमानत दे दी गई। राज को मुंबई के आर्थर रोड जेल में न्यायिक हिरासत में रखा गया था, जहां से वह अब बाहर आ चुके हैं। बता दें कि कुंद्रा ने अदालत के समक्ष जमानत याचिका दाखिल करते हुए दावा किया था कि मामले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा द्वारा दायर पूरक आरोप पत्र में उनके खिलाफ कोई भी सबूत नहीं है। राज कुंद्रा ने 18 सितंबर को कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी। उन्होंने अपने वकील प्रशांत पाटिल के जरिए जमानत अर्जी दाखिल की थी, जिसपर सोमवार को सुनवाई हुई और उनकी जमानत को मंजूरी दे दी गई। इस याचिका में उन्होंने कहा था कि उन्हें बलि का बकरा बनाया जा रहा है। दायर याचिका में राज ने कहा था कि केस में दाखिल पूरक आरोप पत्र में कोई सबूत नहीं है जो कथित आपत्तिजनक फिल्म बनाने में सीधे तौर पर उनकी संलिप्तता को साबित करे। दरअसल इस केस में क्राइम ब्रांच टीम ने राज कुंद्रा और तीन अन्य लोगों के खिलाफ अश्लील (पोर्न) फिल्म बनाने और कुछ ऐप की मदद से ऑन एयर करने के आरोप में हाल में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया था। इसके बाद ही राज कुंद्रा ने मेट्रोपोलिटन कोर्ट का रुख किया था और तर्क देते हुए कहा था कि व्यवहारिक रूप से मामले की जांच हो चुकी है। राज की तरफ से दायर याचिका में कहा गया था कि पहली बात तो कोई भी कंटेंट उनके खिलाफ किसी भी अपराध को साबित नहीं करता। इस आवेदन में इस बात का भी जिक्र किया गया था कि राज कुंद्रा को गलत तरीके से मामले में फंसाया गया, जबकि उनका नाम एफआईआर में नहीं था और पुलिस ने उसका नाम जबरन मामले में खींचा है।


from Bollywood News in Hindi, बॉलीवुड न्यूज़, Hindi Movies News, हिंदी मूवीज़ समाचार, फिल्मी खबरें | Navbharat Times https://ift.tt/3tZtp0J
via IFTTT

No comments:

Post a Comment