बॉलिवुड ऐक्टर आयुष्मान खुराना का आज यानी 14 सितंबर को बर्थडे है। उनकी हालिया रिलीज फिल्म 'ड्रीम गर्ल' को क्रिटिक्स के साथ-साथ दर्शकों से भी भरपूर प्यार मिल रहा है। फिल्म में उनकी ऐक्टिंग को काफी सराहा जा रहा है। वैसे यह पहला मौका नहीं है जब आयुष्मान की ऐक्टिंग को इतना पसंद किया जा रहा हो। हमेशा ऑफबीट रोल्स चुनकर उन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है और 'विकी डोनर', 'शुभ मंगल सावधान', 'बधाई हो', 'अंधाधुन' जैसी फिल्में इस बात को साबित भी करती हैं। हालांकि, आज भले ही आयुष्मान ने फिल्म इंडस्ट्री में अपना खास मुकाम बना लिया हो लेकिन फैमिली बैकग्राउंड फिल्मी न होने के कारण उन्हें भी काफी संघर्ष करना पड़ा है। आज बर्थडे के मौके पर हम ऐक्टर की लाइफ से जुड़े 2 इंट्रेस्टिंग किस्से बता रहे हैं। एक उनके फिल्मों में आने से पहले और एक बॉलिवुड डेब्यू करने के बाद का है... जब फिल्ममेकर करण जौहर की तरफ से हुआ NO! एक टॉक शो के दौरान जब आयुष्मान से पूछा गया कि क्या ऑडिशन के लिए उन्हें भी कई प्रॉडक्शन हाउसेस के चक्कर लगाने पड़े थे तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, 'मैंने अपनी शुरुआत रेडियो शोज और अवॉर्ड फंक्शन्स में रेड कार्पेट इवेंट्स को होस्ट करने से की। ऐसे ही एक इवेंट के दौरान मैंने करण जौहर को देखा और उनसे सीधे अपनी अगली फिल्म में मुझे मौका देने के लिए कहा।' ऐक्टर के मुताबिक, 'करण जिनसे इस तरह तमाम लोग मौका देने के लिए कहते हैं, ने मुझे एक लैंडलाइन नंबर दिया और कॉल करने को कहा। जब अगले दिन मैंने उस नंबर पर कॉल किया तो दूसरे साइड से एक शख्स ने कहा कि वे सिर्फ स्टार्स को मौका देते हैं।' हालांकि, आगे चलकर आयुष्मान की किस्मत ही बदल गई और उनके ऐक्टिंग टैलंट का लोहा आज दुनिया मानती है। यही नहीं, करण के पॉप्युलर चैट शो 'कॉफी विद करण' का भी आयुष्मान हिस्सा बन चुके हैं। जब पहली फिल्म में किस करना पड़ गया महंगा एक दूसरे चैट शो में आयुष्मान ने बताया कि भले ही उनकी पहली फिल्म 'विकी डोनर' काफी सफल रही हो लेकिन ऐक्ट्रेस यामी गौतम को किए गए एक किस के कारण उनकी शादीशुदा जिंदगी पर काफी असर पड़ा था। दरअसल, ऐक्टर की पत्नी ताहिरा नहीं चाहती थीं कि आयुष्मान ऑनस्क्रीन किसी ऐक्ट्रेस को किस करें। हालांकि, 'विकी डोनर' में किसिंग सीन के बारे में ताहिरा को पता था लेकिन जब उन्होंने इसे बिग स्क्रीन पर देखा तो यह उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया। आयुष्मान इसे अपनी जिंदगी का सबसे खराब दौर कहते हैं क्योंकि इससे उबरने में दोनों को 3 साल का वक्त लग गया। खैर, अब दोनों के बीच सबकुछ ठीक है।
from Bollywood News in Hindi, बॉलीवुड न्यूज़, Hindi Movies News, हिंदी मूवीज़ समाचार, फिल्मी खबरें | Navbharat Times https://ift.tt/2ZYtqX1
via IFTTT
No comments:
Post a Comment